भोपाल: मध्य प्रदेश में अगले माह हो रहे राज्यसभा की तीन सीटों के चुनाव और आगामी दिनों में दतिया विधानसभा के उपचुनाव को लेकर भाजपा संगठन में राजनीतिक सक्रियता बढ़ गई है। इसी क्रम में प्रदेश भाजपा प्रभारी महेंद्र सिंह ने आज पूर्व गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा के भोपाल स्थित निवास पहुंचकर महत्वपूर्ण चर्चा की।
दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक गतिविधियों, प्रदेश के राजनीतिक हालात और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन हुआ। माना जा रहा है कि प्रदेश में तीन सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव के साथ दतिया विधानसभा सीट पर संभावित उपचुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान डॉ मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत-अभिनंदन किया।
दतिया क्षेत्र में डॉ मिश्रा की मजबूत राजनीतिक पकड़ को देखते हुए यह मुलाकात खास मानी जा रही है। राजनीतिक हलकों में इसे भाजपा की आगामी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक समन्वय से जोड़कर देखा जा रहा है।
