भोपाल। पंजीयन विभाग द्वारा प्रस्तावित नई गाइडलाइन दरों को लेकर लोगों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं। विभाग को अब तक कुल 63 दावा-आपत्तियां और सुझाव प्राप्त हुए हैं। इनमें सबसे अधिक आपत्तियां अलार्क रेसीडेंसी कॉलोनी की प्रस्तावित दरों को लेकर सामने आई हैं, जहां लगभग 20 लोगों ने विरोध दर्ज कराया है।
नारियलखेड़ा निवासी मोहित सिंह यादव, छोला क्षेत्र के संजय जैन, प्रकाश धनकानी, सुनील खरे, रघुवीर कुश्वाहा, शंकर लोधी और राम नागर सहित अन्य लोगों का कहना है कि अलार्क रेसीडेंसी अभी विकासशील आवासीय क्षेत्र है और यहां कई मकान अभी भी खाली पड़े हैं। ऐसे में गाइडलाइन दर को 29 हजार रुपये से बढ़ाकर 48 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर करना तर्कसंगत नहीं है।
आवेदकों ने मांग की है कि प्रस्तावित दरों पर पुनर्विचार किया जाए। उनका कहना है कि यदि बढ़ी हुई दरें लागू की गईं तो इससे संपत्ति की खरीद-फरोख्त प्रभावित होगी और खरीदारों व निवेशकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
