
नई दिल्ली, 01 दिसंबर, 2025: पाकिस्तान में बलूचिस्तान राज्य के नोकुंदी इलाका स्थित चगाई में फ्रंटियर कॉर्प्स (FC) के मुख्यालय के मेन गेट पर आज सुबह एक आत्मघाती हमला किया गया। यह विस्फोट इतना जबरदस्त था कि मुख्य द्वार पूरी तरह नष्ट हो गया और पास की दीवारों को भारी नुकसान पहुँचा। इस हमले में छह कर्मियों की मौत होने की पुष्टि हुई है। हमले की जिम्मेदारी बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) की सादओ ऑपरेशनल बटालियन (SOB) ने ली है।
हमलावर मुख्यालय के अंदर घुसे, झड़पें जारी
पाकिस्तानी अधिकारियों ने बताया कि मुख्य प्रवेश द्वार पर हमले के तुरंत बाद हथियारबंद हमलावर नोकुंडी स्थित FC मुख्यालय के अंदर घुस गए। मुख्यालय परिसर के अंदर गोलीबारी और झड़पें जारी हैं और स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण बताई जा रही है। हाल ही में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सुरक्षा ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं।
राहत कार्य के लिए क्वेटा से भेजे गए हेलिकॉप्टर
हमले के मद्देनजर संबंधित अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दी गई है। हताहतों को निकालने और सहायता के लिए क्वेटा से दो हेलीकॉप्टर घटनास्थल के लिए रवाना किए गए हैं। अधिकारी हताहतों के बारे में आधिकारिक विवरण जारी करने में जुटे हैं।
