पदोन्नत जेल अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान

भोपाल। मध्यप्रदेश जेल विभाग के जेल मुख्यालय, भोपाल में पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय पिपिंग समारोह आयोजित किया। समारोह में पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों और कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए सम्मानित करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और सेवा भावना की सराहना की गई।

जेल विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश चंद गुप्ता तथा महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं डॉ. वरुण कपूर ने भोपाल केंद्रीय जेल और जेल मुख्यालय के पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वर्दी पर स्टार एवं लाल निशान लगाकर उन्हें सम्मानित किया। सिविल संवर्ग के पदोन्नत कर्मचारियों को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुकेश चंद गुप्ता ने कहा कि पदोन्नति केवल पद परिवर्तन नहीं, बल्कि कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्य का सम्मान है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारियों के साथ नेतृत्व क्षमता का परिचय देना भी आवश्यक है तथा सभी अधिकारी विभाग की प्रतिष्ठा बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा से कार्य करें।

महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर ने अपने लगभग दस माह के कार्यकाल में जेल विभाग में किए गए सुधारों की जानकारी देते हुए बताया कि जेलों की सुरक्षा के लिए इलेक्ट्रिक फेंसिंग, बंदियों के लिए अतिरिक्त आवासीय क्षमता, बेहतर कैंटीन सुविधाएं, आरओ पेयजल प्रणाली, बंदियों के मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास के लिए योग शिविर, जेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए ओपन जिम तथा नए आवासों का निर्माण कराया गया है।

उन्होंने कहा कि समय पर मिलने वाली पदोन्नति कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाती है और उन्हें अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करती है। समारोह में विशेष महानिदेशक जी. अखेतो सेमा सहित जेल विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

कच्चे तेल में तेजी से रुपया 20 पैसे लुढ़का

Thu Jul 23 , 2026
मुंबई, 23 जुलाई (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में तेजी के कारण रुपया गुरुवार को 20 पैसे टूट गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 96.73 रुपये प्रति डॉलर बोला गया। यह रुपये का अब तक का दूसरा न्यूनतम स्तर है। इसका न्यूनतम बंद स्तर 20 मई 2026 […]

You May Like