
महाराजपुर। छतरपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टटम में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी 25 वर्षीय दिनेश कुशवाहा पिता राजाराम कुशवाहा थ्रेशर मशीन चला रहे थे, तभी वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों के अनुसार हादसा गांव के पावर हाउस के पास हुआ। घटना के बाद घायल युवक को तत्काल स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां भी स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों की सलाह पर जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया।
वर्तमान में दिनेश कुशवाहा का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल है और परिजन युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
