भोपाल। राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस ने राजभवन का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्र हितों और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर राजभवन के सामने धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और पार्टी इसके खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी। प्रदर्शन के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
राजभवन घेराव के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। कांग्रेस ने कहा कि वह लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों पर आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की कार्रवाई की।
