कलेक्ट्रेट तक पहुंची लोड शेडिंग की आंच

सीहोर। जिले में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है. मंगलवार को ग्राम सेमरादांगी के किसान और ग्रामीण बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार और बढ़े हुए बिजली बिलों में राहत देने की मांग की. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो चरणबद्ध उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा.

जिले में इन दिनों लोड शेडिंग की आड़ में बिजली कटौती का खेल जारी है. भीषण गर्मी व उमस में बिजली नहीं मिलने से लोगों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है. बीती रात ग्राम खजूरिया बंगला, ढाबला और गुड़भेला में ग्रामीणों की भीड़ सड़कों पर उतर आई और उन्होंने सड़कों पर जाम के हालात निर्मित कर दिए.

इसी तरह मंगलवार को ग्राम सेमरादांगी के किसान एवं ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और अघोषित बिजली कटौती के विरोध में नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में रातभर बिजली बंद रहने से आमजन का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. उमस और भीषण गर्मी के बीच कूलर और पंखे बंद रहने से बच्चों, बुजुर्गों तथा महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं.

ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार करने और बढ़े हुए बिजली बिलों में राहत देने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थिति नहीं सुधरी तो किसानों और ग्रामीणों को उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा. इस दौरान विनय सिंह दांगी, पूर्व सरपंच मदनलाल दांगी, नेपाल सिंह, गोपाल, हरी सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

बिजली संकट को लेकर बढ़ते जनाक्रोश के बीच ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी नाराजगी जताई. उनका कहना है कि बिजली जैसी गंभीर समस्या पर अब तक किसी जनप्रतिनिधि की ओर से प्रभावी पहल नहीं की गई है, जिससे लोगों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है.

जिले में लगातार दूसरे दिन भी लोड शेडिंग के खिलाफ प्रदर्शन जारी रहे. सोमवार के बाद मंगलवार को भी श्यामपुर रोड स्थित खजुरिया बंगला, ढाबला और गुड़भैला सहित कई गांवों में ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया. इधर कांग्रेस ने भी लोड शेडिंग सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा.

बुधवार को भी जिले के कई गांवों के ग्रामीण पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे. ग्रामीणों का कहना है कि लोड शेडिंग के नाम पर की जा रही बिजली कटौती बंद की जाए, अन्यथा आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.

कांग्रेस ने भी कटौती व अन्य मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को अध्यक्ष राजीव गुजराती एवं शहर अध्यक्ष घनश्याम यादव के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने, गांधी पार्क में प्रस्तावित सुलभ कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य निरस्त करने तथा पिछले कई महीनों से लंबित वृद्धावस्था पेंशन का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की गई. कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि बिना पूर्व सूचना के घंटों बिजली कटौती की जा रही है, जिससे किसानों की सिंचाई, विद्यार्थियों की पढ़ाई और आम नागरिकों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है. विभिन्न प्रकार के सरचार्ज जोड़कर उपभोक्ताओं पर महंगे बिजली बिलों का अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है. ज्ञापन में गांधी पार्क पार्क के भीतर सुलभ कॉम्प्लेक्स का निर्माण होने का भी विरोध किया. इस अवसर पर प्रीतम दयाल चौरसिया, राजेन्द्र वर्मा, राजाराम बड़े भाई, रमेश गुप्ता, नरेन्द्र खंगराले, घनश्याम मीणा, मनोज पटेल, हसीन कुरैशी, इरफान लाला, तारा यादव, केके रिछारिया, तुलसी राठौर, संतोष मालवीय, पियूश मालवीय आदि उपस्थित थे.

 

 

Next Post

मृगननाथ पहाड़ी पर आवाजाही पर रोक

Wed Jul 29 , 2026
बुधनी। विंध्याचल पर्वत पर बाबा मृगननाथ की पहाड़ी के खतरनाक मुहाने पर बाइक से स्टंट करने का वीडियो वायरल होने के मामले में नवभारत द्वारा प्रमुखता से समाचार प्रकाशित कर ऐसे जानलेवा स्टंट पर रोक लगाने और जिम्मेदार कार्रवाई की आवश्यकता उठाई गई थी. खबर के प्रकाशन के बाद वन […]

You May Like