बुधनी। विंध्याचल पर्वत पर बाबा मृगननाथ की पहाड़ी के खतरनाक मुहाने पर बाइक से स्टंट करने का वीडियो वायरल होने के मामले में नवभारत द्वारा प्रमुखता से समाचार प्रकाशित कर ऐसे जानलेवा स्टंट पर रोक लगाने और जिम्मेदार कार्रवाई की आवश्यकता उठाई गई थी. खबर के प्रकाशन के बाद वन विभाग हरकत में आया है. एसडीओ आरके चौधरी ने रेंजर राजित द्विवेदी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. विंध्याचल पर्वत स्थित बाबा मृगननाथ के पहाड़ी क्षेत्र में आम लोगों के घूमने-फिरने पर फिलहाल प्रतिबंध लगा दिया गया है. वन विभाग ने तालपुरा रोड़ से पहाड़ी की ओर जाने वाले मार्ग पर नाका स्थापित कर दिया है. साथ ही वहां वन विभाग के कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है. गौरतलब है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक युवक बाइक लेकर मृगननाथ पहाड़ी के खाई वाले मुहाने तक पहुंच गया था. यह वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसे खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी.
