मक्सी में बिजली के तार से लटका मिला शव, मरने से पहले बनाया वीडियो

मक्सी। मक्सी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक का शव घर में बिजली के तार से लटका मिला. सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और मक्सी पुलिस मौके पर पहुंची. इस मामले में मृतक के मोबाइल से एक वीडियो मिला है. वीडियो में युवक ने आत्महत्या से पहले एक लडक़ी का जिक्र करते हुए उस पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

मृतक की पहचान बजरंग मोहल्ला वार्ड क्रमांक 8 निवासी धमगिज कुंडलिया उर्फ नितिन 19 वर्ष पिता सुनील कुंडलिया के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए. मरने से पहले युवक ने वीडियो बनाकर अपने दोनों मामा से गुजारिश की. उसने कहा मामा श्री आपसे छोटी सी गुजारिश है. अगर मैं मर गया तो उसे छोडऩा मत. जैसे मेरी जिंदगी बर्बाद हुई है, उसकी भी कर देना. भांजे की आखिरी इच्छा पूरी कर देना, नहीं तो मुझे अपना भांजा मत बुलाना. जैसे तुम्हारा भांजा रोया है, उसे भी रुलाना और तड़पाना. पहली बार मैंने आपसे कुछ मांगा है. हाथ जोडक़र कह रहा हूं, मेरे मरने के बाद उसे छोडऩा मत. मम्मी की कसम है आपको… अगर उसे कुछ नहीं किया, उसे तकलीफ नहीं दी, तो मैं मरने के बाद भी सबको तकलीफ दूंगा. पुलिस के मुताबिक, युवक का शव घर के अंदर लाइट के तार से लटका हुआ था. मक्सी पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई पूरी की. इसके बाद शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए शाजापुर जिला अस्पताल भेजा गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पापा-मम्मी का ध्यान रखना…

वीडियो में युवक ने अपने छोटे भाई से कहा, देख भाई, तू अभी बच्चा है. मम्मी-पापा का ख्याल रखना. मेरा दिमाग खराब हो गया. मैं जिंदगी से हार गया. अब सबकी जिम्मेदारी तुझे निभानी है. मम्मी की एनिवर्सरी आने वाली है, उसे खुशी से मनाना. मृतक मजदूरी का काम करता था. उसके पिता भी मजदूरी करते हैं, जबकि छोटा भाई वीरेंद्र भी मजदूरी करता है. परिवार में उसकी मां गृहिणी हैं. पुलिस ने वीडियो को जांच में शामिल कर लिया है और मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है. फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों और वीडियो में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है.

इनका कहना है

प्रारंभिक जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है.

संजय वर्मा, थाना प्रभारी, मक्सी

Next Post

उज्जैन-जावरा फोरलेन पर टकराव तेज: एक दिन में बदली तस्वीर

Thu May 14 , 2026
जावरा। नवीन प्रस्तावित उज्जैन-जावरा फोरलेन निर्माण को लेकर अब विवाद खुलकर सामने आ गया है। नए और पुराने अलाईमेंट को लेकर क्षेत्र में अलग-अलग संघर्ष समितियों की राय बंटी हुई नजर आ रही है, जिससे पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है। मंगलवार को जहां एक संघर्ष समिति ने […]

You May Like