भोपाल:पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर हुजूर विधानसभा के कटारा बर्रई क्षेत्र में नवनिर्मित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह एवं हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण भी किया। उल्लेखनीय है कि इस उद्यान का निर्माण विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा कराया गया है, जिसमें पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थापित की गई है।
उद्यान के लोकार्पण के साथ ही अतिथियों ने हुजूर विधानसभा क्षेत्र के बर्रई स्थित सांदीपनि विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया का शुभारंभ तिलक लगाकर किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने उद्यान की सराहना करते हुए कहा कि यह पार्क पंडित दीनदयाल उपाध्याय की स्मृतियों को सदैव जीवंत रखेगा।
