राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में रांची में कांग्रेस का प्रदर्शन, कई मंत्री-विधायक और नेता गिरफ्तार

रांची, 21 जुलाई (वार्ता) झारखंड की राजधानी रांची में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पुलिस हिरासत में लिए जाने और इस दौरान उनकी नाक में चोट लगने की घटना के विरोध में मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर कोतवाली थाना भेज दिया। राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के दौरान उनकी नाक में चोट लगने की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। इसके बाद झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता लोक भवन के निकट एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को हिरासत में लेने के दौरान लगी चोट कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश है। नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों, युवाओं और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन लोकतंत्र में ऐसी कोशिशें सफल नहीं होंगी। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता सब कुछ देख रही है और उचित समय पर इसका जवाब देगी।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस प्रभारी के. राजू, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, राधाकृष्ण किशोर, डॉ. इरफान अंसारी, विधायक श्रीबेला प्रसाद, राजेश कच्छप, सुरेश बैठा, अनूप सिंह, बंधु तिर्की, नमन बिक्सल कोंगाड़ी तथा कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर, आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, राजीव रंजन प्रसाद, आदित्य विक्रम जायसवाल, आभा सिन्हा, जयशंकर पाठक, डॉ. कुमार राजा समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

पुलिस सभी हिरासत में लिए गए नेताओं को कोतवाली थाना ले गई, जहां उन्हें रखा गया है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया है।

 

Next Post

सीएम डॉ यादव से मिले शाजापुर के पेंशनर्स, महंगाई राहत पर जताया आभार

Tue Jul 21 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मंगलवार को मध्यप्रदेश विधानसभा स्थित समिति कक्ष क्रमांक-1 में शाजापुर विधायक श्री अरूण भीमावद के नेतृत्व में शाजापुर जिले के प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन के एक वृहद प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन ने प्रदेश के सभी पेंशनर्स के हित में सरकार द्वारा […]

You May Like