जबलपुर: माढ़ोताल थाना अंतर्गत चुंगी नाका शराब दुकान में रविवार शाम को प्रिंट रेट से ज्यादा दाम पर बीयर बेचने का विरोध करने पर दुकान के कर्मचारियों ने एक वकील और उनके चचेरे भाई को दुकान के भीतर खींचकर बंधक बना लिया। इसके बाद लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों युवकों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। गुंडागर्दी के विरोध में अधिवक्ताओं ने थाने का घेराव कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अधिवक्ता अमित यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रविवार शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच उनका चचेरे भाई आकाश यादव चुंगी नाका स्थित शराब दुकान पर किंगफिशर बीयर खरीदने गया वहां मौजूद सेल्समैन प्रिंट रेट से अधिक पैसों की मांग कर रहे थे। जब आकाश ने इसका विरोध किया और शिकायत के लिए उसे फोन लगाने को हुआ तो कर्मचारियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और विवाद शुरू कर दिया।
मालिक पहरिया का आदेश है, जिंदा मत छोडऩा-
भाई के साथ अभद्रता की सूचना मिलते ही अधिवक्ता अमित यादव तुरंत मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव की कोशिश की। अमित के पहुंचते ही दुकान के कर्मचारी और उग्र हो गए। पीडि़तों के मुताबिक, कर्मचारियों ने चिल्लाकर कहा कि दुकान मालिक पहरिया जी का साफ निर्देश है कि इन्हें अंदर ले जाकर तरीके से मारो, ये जिंदा बचकर नहीं जाने चाहिए, बाकी हम देख लेंगे।
घसीटकर ले गए, कमरे में बंधक बना किए वार-
इसके बाद आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी अमित और आकाश को घसीटते हुए दुकान के भीतर बने एक कमरे में ले गए और शटर व दरवाजा बंद कर दिया। कमरे के अंदर दोनों भाइयों को घेरकर लाठी, डंडों और लोहे की भारी रॉड से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया गया। दोनों भाई खुद को बचाने के लिए चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन हमलावर लगातार उनके सिर और माथे पर जानलेवा वार करते रहे।
पिता के पहुंचने पर बची जान-
दुकान के बाहर खड़े विक्की सोनी और सोनू चौबे ने जब अंदर से चीखें सुनीं, तो उन्होंने तुरंत अमित के पिता रामसुजान यादव को फोन कर घटना की जानकारी दी। पिता रामसुजान यादव आनन-फानन में मौके पर पहुंचे, तब कहीं जाकर कर्मचारियों ने दोनों लहूलुहान भाइयों को कमरे से बाहर निकाला। बाहर आने पर भी आरोपियों का हौसला बुलंद था उन्होंने पीडि़त के पिता को भ्ीा धमकाया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। मामले की जानकारी लगते ही ही अधिवक्ता संघ अध्यक्ष मनीष मिश्रा समेत अन्य अधिवक्ता बड़ी संख्या में पहुंचे इसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई
