भोपाल: बड़े तालाब के कैचमेंट में अतिक्रमण की कार्रवाई ढेड़ महीने बाद एक बार फिर से शुरू की जा रही है. जिसके आज सोमवार से शुरु होने की संभावना है. शुरुआत टीटी नगर वृत्त के केचमेंट से हो सकती है. एसडीएम अर्चना शर्मा के अनुसार टीटी नगर क्षेत्र में आने वाले कैचमेंट एरिया में 22 अतिक्रमणों को हटाया जाना है. इसमें नगर निगम प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा. निजी भूमि पर बिना अनुमतियों के अतिक्रमण किया गया है. इधर बैरागढ़ नजूल कार्यालय में बड़ी झील के कैचमेंट एरिया में हुए अतिक्रमणों को हटाने को लेकर एसडीएम रविशंकर राय, तहसीलदार हर्ष विक्रम सिंह की मौजूदगी में बैठक होगी.
इसमें आगामी दिनों में बैरागढ़ क्षेत्र में आने वाले बड़ी झील के कैचमेंट एरिया में हुए अतिक्रमणों पर हटाने की कार्ययोजना बनेगी. इसमें नगर निगम प्रशासन के अधिकारी भी शामिल होंगे. बता दें कि एनजीटी आदेश के बाद फरवरी में प्रशासन ने बड़ी झील का सीमांकन और चिन्हांकन किया था. इस दौरान केचमेंट में 347 अतिक्रमणों को चिहिन्त किया गया था. इसमें से 51 अतिक्रमणों को अप्रैल माह में हटाया जा चुका है. मई माह में जनगणना के काम में अधिकारियों व कर्मचारियों की व्यस्तता होने से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हो सकी. अब प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की डेडलाइन 30 जून रखी है. इस पर सवाल उठ रहे हैं कि अब प्रशासन बारिश का बहाना बनाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई खानापूर्ति के लिए कुछ दिन करेगा और बंद कर देगा. इससे रसूखदारों की ओर से कैचमेंट एरिया में किए गए अतिक्रमण फिर बच जाएंगे.
