
रीवा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के अभिनंदन के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति संकल्प दिवस मनाया गया. जिले के विधानसभा क्षेत्रों में विधायक के नेतृत्व में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई. मुख्य समारोह टीआरएस कालेज के एनसीसी मैदान में आयोजित किया गया.
समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जनता का आशीर्वाद और विश्वास मेरी सबसे बड़ी शक्ति है. मैं इस बात के लिए देश के जनता को धन्यवाद देना चाहता हूँ कि उसने मुझे लगातार 25 वर्षों तक जनसेवा का अवसर दिया. मेरे लिए जनता ईश्वर का रूप है. पिछले 25 वर्षों की जनसेवा का अनुभव मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है. यह मुझे हर दम कुछ नया सीखने के लिए प्रेरित करती है. समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने उपस्थितों को विकसित भारत संकल्प की शपथ दिलाई. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने अपने प्रेरक उद्बोधन से देश की दशा और दिशा तय कर दी है. प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश आज जिस ऊंचाई पर है उसकी पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी. प्रधानमंत्री जी ने देश को 2047 तक विश्व गुरू बनाने का संकल्प लिया है. इस संकल्प को पूरा करने में योगदान दे. प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश से नक्सलवाद का अंत हुआ और आतंकवाद पर लगाम लगी है. आज पूरी दुनिया प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व का लोहा मानती है. सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री जी की 25 वर्षों की अनवरत जनसेवा का अभिनंदन है.
समारोह में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है. हम जब पेट्रोलियम, गैस, रक्षा क्षेत्र और खाद निर्माण में आत्मनिर्भर बन जाएंगे तभी विकसित भारत का सपना पूरा होगा. आज के विकास का पूरा लाभ युवा पीढ़ी को मिलेगा. देश 7.8 प्रतिशत की विकास दर अर्जित कर चुका है. समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया तथा सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों और सेवा ज्योति कार्यक्रम पर प्रकाश डाला. समारोह में विधायक गुढ़ नागेन्द्र सिंह, विधायक सिरमौर दिव्यराज सिंह, विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति, विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा, स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
