सतना: नगर पालिक निगम सतना में विकास कार्यों को गति देने, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने प्रत्येक गुरुवार को दिनभर विभागवार समीक्षा करने की व्यवस्था की है। इसी क्रम में गुरुवार को निगम कार्यालय के छोटे मीटिंग हॉल में समस्त विभागाध्यक्षों एवं शाखा प्रमुखों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आयुक्त ने विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया। नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक गुरुवार को विभिन्न शाखाओं के कार्यों की क्रमवार एवं विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसमें विकास कार्यों की प्रगति, लंबित प्रकरणों, नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं तथा विभागीय कार्यों के क्रियान्वयन की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जनसंपर्क अधिकारी नगर निगम धीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि निगम प्रशासन का उद्देश्य नियमित समीक्षा एवं प्रभावी निगरानी के माध्यम से विकास कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण कराना, लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करना तथा नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना है।
समयबद्ध निष्पादन पर जोर
इस व्यवस्था के माध्यम से कार्यों में आने वाली बाधाओं की पहचान कर उनके निराकरण, विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए उनके समयबद्ध निष्पादन पर जोर रहेगा।
