दीपावली एवं आगामी त्योहारों को लेकर ग्वालियर पुलिस अलर्ट, कार्बाइड गन और अवैध पटाखों पर होगी सख्त कार्रवाई

ग्वालियर। दीपावली एवं आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन व पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के पालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाने तथा कार्बाइड गन, कार्बाइड लैम्प, अवैध एवं प्रतिबंधित पटाखों और विस्फोटक सामग्री के अवैध निर्माण, भंडारण, बिक्री एवं उपयोग के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा आसूचना संकलन एवं क्राइम ब्रांच के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर हार्डवेयर शॉप, फेब्रिकेशन शॉप एवं केमिकल कैल्शियम कार्बाइड विक्रय करने वाली दुकानों की चेकिंग करने के निर्देश दिये।

*खतरनाक कार्बाइड गन एवं केमिकल कैल्शियम कार्बाइड के उपयोग पर रहेगी नजर-*

कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैम्प का अनुचित उपयोग गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। इनके उपयोग से विस्फोट, आग लगने तथा आंखों, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोट लगने का खतरा रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए आसूचना संकलन एवं क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार हार्डवेयर शॉप, फेब्रिकेशन शॉप एवं केमिकल कैल्शियम कार्बाइड विक्रय करने वाली दुकानों की चेकिंग की जाएगी अवैध निर्माण, बिक्री अथवा उपयोग की जानकारी मिलने पर संबंधित विभागों के समन्वय से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

*पटाखा दुकानों की जांच एवं अवैध भंडारण पर कार्रवाई-*

ग्वालियर पुलिस द्वारा संबंधित विभागों के समन्वय से पटाखा दुकानों में लाइसेंस संबंधी शर्तों तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की जाएगी। प्रतिबंधित पटाखों की खरीद-बिक्री और विस्फोटक सामग्री के अवैध भंडारण की जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी।

*सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन बिक्री पर भी रहेगी निगरानी-*

कार्बाइड गन, कार्बाइड लैम्प तथा संबंधित सामग्री की अवैध बिक्री के स्रोतों की पहचान करने के लिए सोशल मीडिया पोस्ट, ऑनलाइन मार्केट प्लेस जैसे फ्लिपकार्ट, अमेजॉन जैसी विभिन्न ईकॉमर्स कंपनी के गोदामो को चेक किया जाएगा साथ ही अगर किसी के द्वारा कार्बाइड गन मंगवाई गई है तो उसकी जानकारी लेकर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। इसके लिए ईकॉमर्स कंपनियों के स्थानीय प्रतिनिधियों की बैठक लेकर उक्त संबंध में उन्हे भी निर्देशित किया जाएगा।

*जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजनों को किया जाएगा सतर्क-*

एसएसपी ग्वालियर द्वारा थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे स्कूलों, पंचायतों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर नागरिकों, विशेषकर बच्चों को कार्बाइड गन, कार्बाइड लैम्प एवं अवैध पटाखों से होने वाले संभावित खतरों के प्रति जागरूक करें। साथ ही, संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करें।

*ग्वालियर पुलिस की आमजन से अपील-*

ग्वालियर पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैम्प जैसी खतरनाक वस्तुओं का उपयोग न करें। कार्बाइड गन का उपयोग, निर्माण एवं विक्रय पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि कोई व्यक्ति ऐसा करते पाया जाता है तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या ग्वालियर पुलिस के व्हाट्सएप मोबाइल नम्बर 9407214576 पर दें, सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

ग्वालियर पुलिस द्वारा स्पष्ट किया जाता है कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध तथ्यों एवं लागू कानूनों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नागरिक सुरक्षा नियमों का पालन करें, सतर्क रहें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग कर सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण दीपावली मनाएं।

त्योहार मनाएं सुरक्षित, कार्बाइड गन से रहें दूर।

अपने बच्चों की आंखें और जीवन सुरक्षित रखें, कार्बाइड गन का उपयोग न करें।

Next Post

*BJP का राहुल गांधी पर हमला, विदेशी संगठनों से संपर्क और प्रदर्शनों की फंडिंग पर उठाए सवाल*

Thu Oct 22 , 2026
नई दिल्ली, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विदेशी संगठनों के कथित संपर्कों को लेकर बीजेपी ने सवाल उठाए हैं। पार्टी ने अंतरराष्ट्रीय एक्टिविस्ट नेटवर्क, भारत में हो रहे प्रदर्शनों और उनकी फंडिंग के संभावित स्रोतों को लेकर कांग्रेस से स्पष्टीकरण मांगा है। इस विवाद में Progressive International और Indian Alliance […]

You May Like