रेहटी। मां विजयासन देवी धाम सलकनपुर दर्शन मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार की दोपहर समीपस्थ ग्राम बायां के पास क्षमता से अधिक सवारियों से भरे दो ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में 15 लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. घायलों में से चार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल नर्मदापुरम रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार एक ऑटो मां विजयासन देवी धाम सलकनपुर में दर्शन करने के बाद श्रद्धालुओं को लेकर लौट रहा था, जबकि दूसरा ऑटो श्रद्धालुओं को लेकर दर्शन के लिए जा रहा था. इसी दौरान ग्राम बायां के पास दोनों ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए रेहटी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. हादसे के बाद ऑटो में ओवरलोडिंग का मुद्दा भी चर्चा में आ गया है. पांच सीटर ऑटो में 15 सवारियां बैठाई गई थीं. क्षमता से कई गुना लोगों को बैठाकर सफर कराना जानलेवा साबित हो सकता है. ऐसे में सवाल उठता है कि श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले मार्ग पर ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं हो पा रहा है. गौरतलब है कि सलकनपुर में बड़ी सं या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में यात्री वाहनों की क्षमता, सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है. घायलों के उपचार के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अश्विनी दायमा,डॉ. वंदना यादव, डॉ. श्रुति दुबे, डॉ. रामनाथ धुसिया, डॉ. हेमंत साहू सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित थे.
