ग्वालियर: डबरा व भितरवार में लगातार वर्षा से इलाके में जनजीवन अस्त-वयस्त हो गया है। वर्षा के कारण मुसाहरी और खोर गांव को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बनी सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी है। पानी के तेज बहाव से सड़क के उखड़ने की वजह से दोनों गांवों का मुख्य मार्ग से सीधा संपर्क टूट गया है। इससे ग्रामीणों को नरवर मार्ग तक पहुंचने के लिये 7 किमी का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ रहा है।
बीजेपी नेता जितेन्द्र रावत और मुसाहरी के सरपंच ने बताया कि पिछले साल सड़क की मरम्मत कराई गयी थी। लेकिन वर्षा की वजह से सड़क फिर से खराब हो गयी है। इसका सबसे अधिक असर गर्भवर्ती महिलाओं और स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। उन्हेंअपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हरसी रोड से मुसाहरी और खोर गांव तक जाने वाली सड़क की कुछ महीने पहले मरम्मत की गई थी। लेकिन अब यह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
