तीसरी रेल लाइन परियोजना के काम के दौरान हादसा, निजी कंपनी के युवा इंजीनियर की मौत

बैतूल: बैतूल जिले में तीसरी रेल लाइन परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में निजी कंपनी के एक इंजीनियर की मौत हो गई। घटना धाराखोह और मरामझिरी रेलवे स्टेशन के बीच शुक्रवार को हुई। हादसे के बाद पोकलेन मशीन का ऑपरेटर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेमनी निवासी विशाल भलावी (30) एक निजी कंपनी में कॉन्ट्रैक्ट इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे और तीसरी रेल लाइन परियोजना के साइट कार्यों की निगरानी कर रहे थे।

इसी दौरान निर्माण स्थल पर खड़ी पोकलेन मशीन पर किसी अन्य व्यक्ति के चढ़ने के बाद अचानक मशीन का पंजा घूम गया। विशाल इसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में विशाल के शरीर के निचले हिस्से में गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए बैतूल के संजीवनी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

संजीवनी हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. उदय चिकोटिया ने बताया कि प्रारंभिक सूचना में गिरने से चोट लगने की बात सामने आई थी लेकिन जांच के दौरान कूल्हे की हड्डी टूटने और अत्यधिक रक्तस्राव की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि चोटों की प्रकृति से प्रतीत होता है कि शरीर का हिस्सा किसी भारी और कठोर मशीनरी से बुरी तरह प्रभावित हुआ था।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने दावा किया है कि घटना से एक दिन पहले विशाल का कुछ मजदूरों के साथ विवाद हुआ था। उन्होंने इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।
विशाल की शादी महज एक माह पहले 28 अप्रैल को हुई थी। उनकी असामयिक मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
कोतवाली पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों, मशीन संचालन में बरती गई सावधानियों तथा फरार ऑपरेटर की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

इंडिगो को चौथी तिमाही में ₹2,537 करोड़ का बड़ा झटका: चुनौतीपूर्ण माहौल के कारण मुनाफे से नुकसान में बदली कंपनी

Sat May 30 , 2026
गुरुग्राम | इंडिगो की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन ने वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही के लिए निराशाजनक वित्तीय नतीजे घोषित किए हैं। कंपनी ने इस तिमाही में 2,537 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज किया है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में कंपनी ने 3,067.5 करोड़ रुपये का भारी […]

You May Like