
इंदौर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे के आधुनिकीकरण और अभूतपूर्व विकास कार्यों को गति मिली है। इसी क्रम में इंदौर संसदीय क्षेत्र में भी रेलवे अधोसंरचना के विस्तार, यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं नए विकास कार्यों के माध्यम से रेलवे की तस्वीर निरंतर बदल रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सांसद शंकर लालवानी ने लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन के निर्माण एवं उन्नयन कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।
सांसद लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में इंदौर को रेलवे क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। इंदौर रेलवे स्टेशन का विश्वस्तरीय पुनर्विकास, नए रेलवे ओवरब्रिज, ट्रैक विस्तार, यात्री सुविधाओं में वृद्धि तथा विभिन्न रेल परियोजनाओं को स्वीकृति मिलने से इंदौर रेलवे मानचित्र पर नई पहचान स्थापित कर रहा है। इसी विकास यात्रा की महत्वपूर्ण कड़ी लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन का उन्नयन है।
उन्होंने बताया कि आगामी एक से डेढ़ माह में लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन की सूरत पूरी तरह बदल जाएगी। स्टेशन को आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल एवं यात्री सुविधाओं से परिपूर्ण बनाया जा रहा है। यह स्टेशन पूर्णतः सोलर ऊर्जा आधारित, वाटर रिचार्जिंग प्रणाली से युक्त तथा जीरो वेस्ट मॉडल पर विकसित किया जा रहा है, जो सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगा।
सांसद लालवानी ने बताया कि स्टेशन की पुरानी बिल्डिंग को पूर्णतः शिफ्ट किया जा रहा है तथा रेलवे से आवश्यक ब्लॉकेज भी प्राप्त हो चुका है। निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। स्टेशन पर दो सर्वसुविधायुक्त प्लेटफॉर्म विकसित किए जा रहे हैं। यात्रियों के लिए कैंटीन, वातानुकूलित क्लॉक रूम, आधुनिक फुटओवर ब्रिज, लिफ्ट, रेलवे ट्रैक उन्नयन तथा पर्याप्त पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि स्टेशन के उन्नयन के बाद यहां ट्रेनों के स्टॉपेज बढ़ाने के प्रयास भी किए जाएंगे, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों एवं यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी। साथ ही वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए माल गोदाम को अन्यत्र स्थानांतरित करने की योजना भी बनाई गई है, जिसका प्रस्ताव रेलवे के प्लानिंग सेक्शन को भेजा जा चुका है।
सांसद लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप इंदौर में रेलवे विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन का यह उन्नयन न केवल भागीरथपुरा बल्कि आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई दिशा देगा और रेलवे विकास की भागीरथ यहां निरंतर प्रवाहित होगी।
निरीक्षण के दौरान मुंबई रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने रेलवे विकास के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों हेतु सांसद शंकर लालवानी का आभार व्यक्त किया।
