
ओंकारेश्वर, नर्मदा पंचकोशी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं सेवा भावना को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर पावर स्टेशन, एनएचडीसी लिमिटेड द्वारा सराहनीय सेवा कार्य किया गया। पावर स्टेशन की ओर से यात्रियों के लिए निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं दवाई वितरण के साथ-साथ भोजन की व्यवस्था की गई। इस सेवा अभियान के माध्यम से
लगभग 5,000 श्रद्धालुओं को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई, जबकि
करीब 8500 यात्रियों को भोजन वितरित किया गया।
इस सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ ओंकारेश्वर पावर स्टेशन के परियोजना प्रमुख, श्री डी.के. द्विवेदी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं एवं उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्मदा पंचकोशी यात्रा जैसी महान धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। मां नर्मदा के पवित्र तटों पर आस्था और श्रद्धा के साथ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना हमारा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा एवं स्वास्थ्य का ध्यान रखना सामाजिक दायित्व के साथ-साथ पुण्य का कार्य भी है।
पावर स्टेशन की अनुभवी चिकित्सा टीम द्वारा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं, जैसे जलन, खांसी, बुखार एवं अन्य मौसमी बीमारियों के लिए चिकित्सीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। यात्रा के दौरान होने वाली शारीरिक थकान एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को देखते हुए चिकित्सा टीम ने तत्परता से उपचार एवं सहायता प्रदान की। इस पहल से बड़ी संख्या में यात्रियों को राहत मिली।
उल्लेखनीय है कि इस सेवा कार्य को और व्यापक स्वरूप देते हुए पावर स्टेशन में कार्यरत समस्त कार्मिकों ने स्वैच्छिक सहयोग प्रदान कर यात्रियों के लिए निःशुल्क भोजन वितरण की व्यवस्था की। वहीं, नवचेतना सांस्कृतिक समिति, ओंकारेश्वर पावर स्टेशन, सिद्धवरकूट एवं एनएचडीसी ओएसपी कर्मचारी संघ द्वारा यात्रियों के लिए चाय एवं पोहा की व्यवस्था भी की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक सहयोग से संचालित इस पहल ने सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता की प्रेरणादायी मिसाल प्रस्तुत की।
इस अवसर पर श्री विनोद कुमार सिंह, महाप्रबंधक (ओएंडएम), श्री संजय कुमार, महाप्रबंधक (सिविल), वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं सीआईएसएफ के सदस्य उपस्थित रहे। चिकित्सा सेवाओं का संचालन सुश्री डॉ. विशालाक्षी मुद्गल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। सीआईएसएफ के बल सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
ओंकारेश्वर पावर स्टेशन की इस पहल ने नर्मदा पंचकोशी यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को आवश्यक चिकित्सा सहायता एवं भोजन उपलब्ध कराने के साथ ही सामाजिक सरोकार, सामुदायिक सहभागिता और मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सार्थक रूप से प्रदर्शित किया।
