
सिलवानी। गोहरगंज थाना क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम के साथ हुई दर्दनाक घटना के विरोध में पूरे जिले में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को सिलवानी में बड़ी संख्या में नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न समुदायों के लोग बजरंग चौराहा पर एकत्र हुए। सभी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए शांतिपूर्ण रैली निकालकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बजरंग चौराहा से शुरू हुई रैली तहसील प्रांगण पहुंची, जहाँ नागरिकों ने तहसीलदार सुधार शुक्ला को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि आरोपी सलमान को तत्काल गिरफ्तार कर कठोरतम दंड दिया जाए, मामले की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच हो तथा पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाए।
नागरिकों का कहना है कि मासूम के साथ हुई यह घटना पूरे समाज को झकझोरने वाली है, इसलिए त्वरित न्याय और सख्त कार्रवाई ही ऐसी वारदातों पर रोक लगाने का प्रभावी तरीका है।
इस दौरान हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष राजीव सोनी, सलीम काजी, महेश नामदेव, श्याम साहू, विभोर नायक, हफीज मंसूरी, सुनील जैन, रवि गुप्ता, सुशील सोनी, विनोद मालवीय, दिनेश कुशवाहा, कल्लू मंसूरी, सलीम, सीताराम साहू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
