रोड्रिग्ज, ट्रंप ने द्विपक्षीय ‘अनसुलझे मुद्दों’ पर पहली बार बात की

मेक्सिको सिटी, 15 जनवरी (वार्ता) वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से तेल, खनिज, व्यापार और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर टेलीफोनिक संवाद करके अपनी सरकारों के बीच ‘अनसुलझे मुद्दों’ पर चर्चा की। सुश्री रोड्रिग्ज ने कहा कि उनकी ट्रम्प के साथ लम्बी और सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि बातचीत में दोनों देशों के लिए एक सहयोगी एजेंडा के साथ-साथ बकाया द्विपक्षीय मामलों पर ध्यान केंद्रित किया गया। गौरतलब है कि सुश्री रोड्रिग्ज के 5 जनवरी को वेनुजुएला के राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद दोनों नेताओं का यह पहला संवाद है। सुश्री रोड्रिग्ज 3 जनवरी को अमेरिकी सेना द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोर्स को ‘एब्सोल्यूट रिजॉल्व’ नामक अभियान में गिरफ्तार करने के बाद कार्यवाहक राष्ट्रपति बनीं। श्री मादुरो और सुश्री फ्लोर्स दोनों को मादक पदार्थों की तस्करी और हथियारों की आपूर्ति में संलिप्तता के आरोपों का सामना करने के लिए न्यूयॉर्क ले जाया गया। जबकि उन्होंने अदालत में पेशी के दौरान खुद को निर्दोष बताया।

सुश्री रोड्रिग्ज ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आज मेरी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ एक लंबी, उपयोगी और सौहार्दपूर्ण माहौल में टेलीफोनिक बातचीत हुई और हमने दोनों राष्ट्रों के हित में द्विपक्षीय कार्य एजेंडा के साथ-साथ सरकारों के बीच संबंधों में अनसुलझे मुद्दों पर चर्चा की।”
श्री ट्रम्प ने वेनेजुएला की राष्ट्रपति से हुई बातचीत को सकारात्मक बताया, जिसमें तेल, खनिज, व्यापार और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा की गई। उन्होंने वेनेजुएला के साथ एक मजबूत साझेदारी की उम्मीद जताई और देश की स्थिरता और विकास की आशा की।

 श्री ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आज सुबह मेरी वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। हम जबरदस्त प्रगति कर रहे हैं क्योंकि हम वेनेजुएला को स्थिर होने और ठीक होने में मदद कर रहे हैं। कई विषयों पर चर्चा हुई, जिसमें तेल, खनिज, व्यापार और राष्ट्रीय सुरक्षा शामिल हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका और वेनेजुएला के बीच यह साझेदारी सभी के लिए शानदार होगी। वेनेजुएला जल्द ही पहले से कहीं अधिक महान और समृद्ध होगा!” श्री ट्रम्प ने पहले कहा था कि उन्होंने सुश्री रोड्रिग्ज के साथ तेल निर्यात पर चर्चा की थी, जिसमें कहा गया था, “वह बहुत अच्छी हैं। उन्होंने हमसे पूछा कि क्या हम 50 मिलियन बैरल तेल ले सकते हैं और मैंने ‘हां’ कहा। हम ले सकते हैं। इसकी कीमत 4.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर है। यह अभी संयुक्त राज्य अमेरिका के रास्ते में है।” संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने मंगलवार को कहा कि वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य अभियान ने अंतरराष्ट्रीय कानून के एक प्रमुख सिद्धांत को कमजोर किया है जो किसी भी राज्य की क्षेत्रीय अखंडता या राजनीतिक स्वतंत्रता के खिलाफ बल के उपयोग पर रोक लगाता है।

Next Post

फिल्म विधवा बनी सुहागन का ट्रेलर रिलीज

Thu Jan 15 , 2026
मुंबई, 15 जनवरी (वार्ता) तन्वी मल्टीमीडिया के बैनर तले बनी फिल्म विधवा बनी सुहागन का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म विधवा बनी सुहागन में यश कुमार और सपना चौहान की अहम भूमिका है। यश कुमार ने अपनी 100वीं फिल्म विधवा बनी सुहागन को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा […]

You May Like