न्यूजीलैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सिर्फ 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया है और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच पर पकड़ मजबूत कर ली है।
रायपुर की धरती पर शुक्रवार (23 जनवरी) को भारतीय क्रिकेट फैंस का लंबा इंतजार खत्म हुआ। 14 महीने और 23 पारियों के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 इंटरनेशनल में अपनी पहली फिफ्टी जड़कर आलोचकों को करारा जवाब दिया। अपने चिर-परिचित अंदाज में खेलते हुए ‘मिस्टर 360’ ने 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और मैदान के चारों ओर शॉट्स की बरसात कर दी। उनकी यह पारी भारत की 7 विकेट से शानदार जीत की नींव बनी।
23 गेंदों में फिफ्टी, 37 गेंदों में नाबाद 82 रन
सूर्यकुमार यादव ने रायपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी का नज़ारा पेश किया। उन्होंने 23 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से फिफ्टी पूरी की। इसके बाद भी उनका आक्रमण थमा नहीं। सूर्या अंत तक नाबाद रहे और 37 गेंदों में 82 रन बनाकर लौटे, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे। इस पारी ने न सिर्फ मैच का रुख बदला, बल्कि सूर्या के आत्मविश्वास को भी नई उड़ान दी।
