सतना:कलेक्टर मैहर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी के निर्देशन में खाद्यान्न वितरण में अनियमितता बरतने पर सेवा सहकारी समिति बरा खुर्द द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान गौरैया के विक्रेता धनीराम दहिया और समिति प्रबंधक कमलेश विश्वकर्मा के विरुद्ध थाना बदेरा में एफ आई आर दर्ज कराई गई है।संबंधित दुकान की विक्रेता और समिति प्रबंधक द्वारा जनवरी से जून 2026 माह तक का उपभोक्ताओं का मशीन में अंगूठा लगाने के बावजूद खाद्यान्न का वितरण नहीं किया गया।
एस डी एम मैहर ने संबंधित दुकान के विक्रेता धनीराम दहिया और समिति प्रबंधक कमलेश विश्वकर्मा के खिलाफ वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न की कीमत का 23 लाख 25 हजार 901 रुपए की वसूली भी निकाली है।मामले की जांच के बाद कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी प्रियंका अग्रवाल ने पुलिस में एफ आई आर दर्ज करा दी है।बहु उद्देशीय सेवा सहकारी समिति बरा खुर्द की दुकान गौरईया द्वारा 15 लाख 52 हजार 691 रुपए मूल्य का 552 क्यू गेहूं,7 लाख 27 हजार 861 रुपए मूल्य का 181 क्विंटल चावल 16 हजार 704 रूपये मूल्य की 3.48 क्विंटल शक्कर,और 28 हजार 645 मूल्य का 29.38 क्विंटल नमक का वितरण नहीं किया गया।संबंधित विक्रेता और समिति प्रबंधक के खिलाफ 23 लाख 25 हजार 901 रुपए की वसूली निकाली गई है।थाना बदेरा में दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316(5) के तहत एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम धारा 3 और 7 के तहत अपराध दर्ज कराया गया है।
