भिण्ड: थाना देहात पुलिस ने हनीट्रैप गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गैंग के सदस्य बुजुर्गों को अपने जाल में फंसाकर अश्लील वीडियो बनाते थे और उसे वायरल करने की धमकी देकर रुपये वसूलते थे। पुलिस के अनुसार, गैंग के दो आरोपी पूर्व में भी पकड़े जा चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2026 को फरियादी ने थाना देहात में शिकायत दर्ज कराई कि करीब 14-15 दिन पहले उसके पास एक महिला का फोन आया। महिला ने रिश्तेदारी का हवाला देकर उससे मीठी-मीठी बातें कीं और सर्किट हाउस के पास मिलने बुलाया। इसके बाद चाय पिलाने के बहाने उसे अपने घर ले गई, जहां पहले से रची गई साजिश के तहत उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया गया।
आरोप है कि बाद में गैंग के सदस्यों ने वीडियो वायरल करने, झूठे दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के मामले में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की। इनमें से एक लाख रुपये तत्काल दो घंटे के भीतर वसूल कर लिए गए।
फरियादी की शिकायत पर थाना देहात पुलिस ने दो महिलाओं और दो पुरुषों के खिलाफ अपराध क्रमांक 670/26 के तहत बीएनएस की धाराओं 308(5), 308(6), 351(2), 61(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
