50 हजार की रिश्वत लेते उद्यान विभाग का सहायक संचालक गिरफ्तार,’चक्की-स्पेलर उद्योग में सब्सिडी दिलाने के नाम पर मांगी थी दो लाख रुपये की रिश्वत

पन्ना, जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार और सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी के मामलों के बीच सागर लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए शाम लगभग सात बजे रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त की टीम ने अधिकारी को उसके शासकीय आवास से पकड़ा। इस कार्रवाई के बाद उद्यानिकी विभाग सहित जिले के अन्य सरकारी महकमों में भी हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पवई निवासी भगवत साहू द्वारा चक्की-स्पेलर उद्योग स्थापित करने के लिए पांच लाख रूपए तीन वर्ष पूर्व पांच लाख का लोन लिया था जिसमें मिलने वाली दो लाख तीस हजार अस्सी रूपए सब्सिडी दिलाने के एवज में उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव द्वारा दो लाख रुपये से अधिक की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत सागर लोकायुक्त से की गई थी। जिसके लिए वह दस- दस हजार रूपए पूर्व में दे चुका था शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। निर्धारित योजना के तहत जैसे ही अधिकारी ने 50 हजार रुपये की रिश्वत की राशि अपने शासकीय आवास में ली, लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त की इस कार्रवाई ने जिले में सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर कथित वसूली और भ्रष्टाचार के मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है। शासन की योजनाओं में सब्सिडी और अनुदान का उद्देश्य छोटे उद्यमियों को आर्थिक रूप से मजबूत करना है, लेकिन यदि ऐसे लाभ दिलाने के एवज में रिश्वत की मांग की जाती है तो यह व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। समाचार लिखे जाने तक सागर लोकायुक्त की टीम द्वारा आरोपी अधिकारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध शिकायत मिलने पर लोकायुक्त की टीम सरकारी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

Next Post

पहले माह 364 लोगो को मिला नि: शुल्क शहरी परिवहन का लाभ

Mon Nov 23 , 2026
धार, भोज शोध संस्थान द्वारा संचालित श्रद्धालय वृद्धाश्रम धार की अनूठी नि:शुल्क शहरी परिवहन सेवा सुविधा से धार के दुर्घटना प्रभावित सहित एक माह में 364 लोगो को मिला नि:शुल्क शहरी परिवहन लाभ मिला। ज्ञातव्य है कि 20 अक्टोबर 2026 से नन्हें की सवारी सेवा के अंतर्गत महिलाओं, वृद्धजनों व […]

You May Like