कोलंबिया के गुआवियारे में FARC के अलग हुए गुटों के बीच हिंसक झड़प में 27 की मौत। ड्रग व्यापार और वर्चस्व संघर्ष हिंसा की मुख्य वजह है।
वेनेजुएला के पड़ोसी देश कोलंबिया में एक बार फिर हिंसा ने भयावह रूप ले लिया है। दक्षिण-पश्चिम कोलंबिया में वामपंथी गुरिल्ला गुटों के बीच हुई भीषण झड़पों में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई है। यह संघर्ष राजधानी बोगोटा से लगभग 300 किलोमीटर दूर गुआवियारे डिपार्टमेंट की एल रेटोर्नो नगर पालिका के एक ग्रामीण इलाके में हुआ। यह इलाका कोकीन के उत्पादन और तस्करी के लिए जाना जाता है।
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि हिंसा की मुख्य वजह इलाके में वर्चस्व स्थापित करने की प्रतिस्पर्धा थी। अधिकारियों के मुताबिक, कई वर्षों से चल रही शांति वार्ताओं और निरस्त्रीकरण प्रयासों के बावजूद सशस्त्र गुट अब भी सक्रिय हैं और लगातार हिंसक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। हाल के महीनों में यह झड़प सबसे घातक घटनाओं में से एक मानी जा रही है।
