इंदौर: हीरानगर पुलिस ने धार की कुख्यात टांडा गैंग के एक वाहन चोर को पीछा कर गिरफ्तार किया है. पुलिस से बचने के लिए भाग रहे आरोपी को आईटीआई चौराहे के पास सरकारी वाहन से टक्कर मारकर पकड़ा. आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं, जिनकी कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है.
शनिवार रात गश्त के दौरान पुलिस और नगर सुरक्षा समिति की टीम को एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर जाता दिखाई दिया.
रोकने का प्रयास करने पर वह बाइक लेकर भाग निकला, उसके साथ तीन-चार अन्य साथी भी थे. पुलिस ने पीछा किया और आईटीआई चौराहे के पास घेराबंदी कर सरकारी वाहन से उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया. हालांकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पूछताछ में आरोपी का नाम दिलीप पिता मदन भूरिया निवासी ग्राम भूतिया, जिला धार बताया गया है. जांच में उसके टांडा गैंग का सदस्य होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं.
और खुलासा हो सकता है…
हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पूछताछ में शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई वाहन चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है. वहीं गैंग के फरार साथियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं.
