पीएनजी कनेक्शन मिला नहीं, एलपीजी भी बंद

सीहोर। एलपीजी और पीएनजी कनेक्शन के नियमों के फेर में शहर के उपभोक्ता परेशान हैं. पीएनजी कनेक्शन के लिए उनका आधार लिंक होते ही एलपीजी कनेक्शन ब्लॉक हो रहे हैं, जबकि कई कॉलोनियों में अभी पीएनजी कनेक्शन शुरू भी नहीं हुए हैं. नतीजा यह कि उपभोक्ताओं को न पीएनजी की सुविधा मिल रही है और न ही एलपीजी सिलेंडर. परेशान लोग मजबूरी में महंगे दामों पर ब्लैक में सिलेंडर खरीद रहे हैं.

शहर की कई कॉलोनियों में पीएनजी लाइन बिछाने का काम चल रहा है. इसके लिए उपभोक्ताओं से आवेदन और आधार कार्ड लिए जा रहे हैं. इसी प्रक्रिया में उनका आधार लिंक होने पर एलपीजी कनेक्शन से आधार हटने और कनेक्शन ब्लॉक होने की समस्या सामने आ रही है. ऐसे में उन उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है, जिनके घरों में अभी पीएनजी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है. गौरतलब है कि गेल इंडिया की योजना के तहत पूरे शहर में करीब 150 किलोमीटर लंबी डिस्ट्रीब्यूशन पाइप लाइन बिछाई जानी है.परियोजना के तहत शहर में लगभग 20 हजार घरेलू गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

हालांकि शुरुआती दौर से ही गेल के कारण शहर की सड़कों की सूरत बिगड़ गई है. पाइप लाइन बिछाने के चक्कर में खोदी गई सड़कों को भरने में लापरवाही बरती गई, जिसका खामियाजा लोगों को बारिश के दौरान भुगतना पड़ा था. अब जब कई घरों तक पाईपलाइन आ चुकी है. घराके के किचन में पाइप फिटिंग भी हो गई, लेकिन गैस की आपूर्ति अब तक नहीं की गई. हालांकि पीएनजी कनेक्शन की प्रक्रिया प्रारंभ होते ही उनसे गैस रिफिल बुक करने की सुविधा छीन ली गई है. ऐसे में बेबस उपभोक्ता महंगे दामों पर ब्लैक में सिलेंडर खरीदने को लाचार है.

पीएनजी लाइन नहीं, फिर भी ब्लॉक हुआ कनेक्शन

शहर के अवधपुरी माधव स्टेट कॉलोनी निवासी भरत राजपूत ने बताया कि उनके घर पर पीएनजी की लाइन तक नहीं बिछी है. सोमवार को एलपीजी सिलेंडर बुक करने पर ओटीपी नहीं आया. पता करने एजेंसी पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि पीएनजी कनेक्शन होने के कारण उनका एलपीजी कनेक्शन ब्लॉक हो गया है. भरत के मुताबिक घर में खाना बनाने की समस्या खड़ी होने पर उन्हें मजबूरी में डिलीवरी करने वालों से महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदना पड़ा.

एजेंसी संचालक भी परेशान, कंपनी को भेजे मेल

कनेक्शन ब्लॉक होने से उपभोक्ता एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं. एजेंसी संचालकों का कहना है कि वे कंपनी को मेल भेजकर कनेक्शन अनब्लॉक करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है. गैस एजेंसी संचालक मुस्तफा हुसैन ने बताया कि शहर में पीएनजी कनेक्शन शुरू नहीं होने के बावजूद उपभोक्ताओं के एलपीजी कनेक्शन ब्लॉक हो गए हैं. पांच दिन पहले कंपनी को मेल भेजा गया था. अब सूचना मिली है कि भोपाल में ब्लॉक कनेक्शन खोले जा रहे हैं. इसके बाद सीहोर के उपभोक्ताओं को भी राहत मिलने की उम्मीद है.

मेल के जरिए हो सकता है अनब्लॉक

नियमानुसार आधार कार्ड एक ही कनेक्शन से लिंक हो सकता है. पीएनजी कनेक्शन के लिए आधार लिंक होने पर एलपीजी कनेक्शन ब्लॉक हो सकता है.उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी में शिकायत करनी चाहिए. एजेंसी संचालक कंपनी को मेल भेजकर कनेक्शन अनब्लॉक कराने की प्रक्रिया कर सकते हैं, ताकि उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिल सके.

आकाश चंदेल,
सहा. आपूर्ति अधिकारी

Next Post

बस बाइक की टक्कर में युवक की मौके पर मौत

Tue Oct 13 , 2026
सतना: मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम गोरहाई के पास सोमवार की सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बस और मोटरसाइकिल के बीच सीधी भिड़ंत में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बघेल बस क्रमांक MP17 26415 ब्यौहारी से मैहर की […]

You May Like

Play sound