सतना: मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम गोरहाई के पास सोमवार की सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बस और मोटरसाइकिल के बीच सीधी भिड़ंत में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बघेल बस क्रमांक MP17 26415 ब्यौहारी से मैहर की ओर जा रही थी। इसी दौरान गोरहाई के पास बाइक क्रमांक MP 19 जेड ए 1789 से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसा सुबह करीब 10:35 बजे का बताया जा रहा है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बस के नीचे फंस गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान अंकित पटेल पिता रामकरण पटेल, उम्र 34 वर्ष, निवासी खड़मसेडा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
फरार हुआ चालक
सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद बस चालक बस छोड़कर फरार हो गया, पुलिस ने बस जब्त कर तलाश शुरू कर दी है।
