इंदौर: क्षिप्रा थाना क्षेत्र में उधारी के पैसों को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने महिला और उसके नाबालिग बेटे के साथ मारपीट कर दी. बेल्ट से हमला कर दोनों को घायल किया गया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.पुलिस के मुताबिक फरियादिया बबीता वर्मा (34) निवासी लवकुश कॉलोनी मांगलिया ने शिकायत में बताया कि हरीश वर्मा ने अपने भाई से उधार पैसे लेने की बात को लेकर उसे अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया.
विरोध करने पर आरोपी ने बेल्ट से मारपीट की, जिससे महिला को जांघ, पीठ, हाथ और सिर पर चोट आई. बीच बचाव करने आए उसके 14 वर्षीय बेटे भावेश को भी आरोपी ने बेल्ट से पीटा, जिससे उसके पैर और गले में चोट लगी. साथ ही आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी. पुलिस ने आरोपी हरीश वर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
