
विदिशा:विगत दिवस शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर बड़ा असर डाला है. विदिशा तहसील के ग्राम अंडिया, सुरई मूडऱा सहित आसपास के गांवों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. इस स्थिति का जायजा लेने के लिए विधायक सूर्य प्रकाश मीणा स्वयं प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं.दौरे के दौरान विधायक ने खेतों में जाकर फसलों की स्थिति का निरीक्षण किया.उन्होंने देखा कि कई स्थानों पर गेहूं, चना और अन्य खड़ी फसलें ओलावृष्टि के कारण पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं.
किसानों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि इस नुकसान से उनकी आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ेगा.विधायक मीणा ने मौके पर मौजूद राजस्व अमले को सख्त निर्देश दिए कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए. उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को शासन की योजनाओं के तहत शीघ्र और उचित मुआवजा मिलना चाहिए.इसके लिए पारदर्शी तरीके से नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए.इसके अलावा नटेरन एवं शमशाबाद तहसील के अन्य गांवों में भी फसलों को नुकसान होने की जानकारी सामने आई है.
इस पर विधायक ने पहले ही राजस्व अमले को निर्देशित किया था कि वे सुबह से ही प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और सर्वे कार्य के लिए टीमों का गठन करें.अधिकारियों को कहा गया है कि वे शीघ्रता से आंकलन रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजें, ताकि किसानों को मुआवजा राशि जल्द मिल सके.प्रशासन की सक्रियता से किसानों में कुछ हद तक राहत की उम्मीद जगी है.विधायक ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी हर संभव मदद की जाएगी और किसी भी प्रभावित किसान को राहत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा.अब क्षेत्र के किसान प्रशासन की कार्रवाई और मुआवजा प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि उन्हें हुए नुकसान की भरपाई जल्द हो सके और वे आगामी फसल की तैयारी कर सकें
