
भोपाल। राजधानी के लालघाटी स्थित गुफा मंदिर में 18 मई से 24 मई तक आयोजित होने वाले श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं श्री यंत्रार्चन कार्यक्रम के पूर्व रविवार को भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा लालघाटी चौराहे से प्रारंभ होकर गुफा मंदिर स्थित यज्ञ स्थल तक पहुंची।
यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक जयघोष के साथ पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
आयोजकों के अनुसार सप्ताहभर चलने वाले महायज्ञ में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना एवं विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
