
भोपाल। पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक एक भोपाल में 19 अगस्त को संभाग स्तरीय राष्ट्रीय एकता पर्व एवं कला उत्सव 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। केन्द्रीय विद्यालय संगठन भोपाल संभाग के सहायक आयुक्त विजयवीर सिंह ने विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन कर पर्व का भव्य शुभारंभ किया। तत्पश्चात् सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के प्राचार्य गौरव द्विवेदी ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम का संचालन माधुरी राजगुरु और ऋचा मिश्रा ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विजयवीर सिंह ने अपने उदबोदन में कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देना है और छात्रों में आपसी सद्भाव, देशभक्ति और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान जगाना भी है। बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर तक जाएँगे। इस संभाग स्तरीय राष्ट्रीय एकता पर्व में 118 बालक, 261 बालिकाएँ एवं 55 अनुरक्षक भाग ले रहे हैं। दो दिवसीय राष्ट्रीय एकता पर्व में 8 संकुलों के कुल 434 प्रतिभागी प्रतिभागिता कर रहे हैं। राष्ट्रीय एकता पर्व को दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है – एक भारत श्रेष्ठ भारत और कला उत्सव। कार्यक्रम में श्रेणीवार प्रतियोगिताएँ सम्पन्न होंगी। एक भारत श्रेष्ठ भारत के अन्तर्गत 4 और कला उत्सव के अन्तर्गत 12 प्रतियोगिताएँ होंगी।
