
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजकोट, गुजरात में आयोजित राष्ट्रकथा शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में सांस्कृतिक अभ्युदय का वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि भारत एक बार फिर विश्व गुरु बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सनातन परंपरा हजारों-लाखों वर्षों से मानवता को मार्ग दिखाती आ रही है। कोविड काल के दौरान जब पूरी दुनिया में हाहाकार मचा था, तब भारतीय संस्कृति और जीवन शैली ने जियो और जीने दो का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि भारत ने न केवल अपने नागरिकों की रक्षा के लिए दवाइयों का निर्माण किया, बल्कि 40 से अधिक देशों को दवाइयां उपलब्ध कराकर अनेक जानें भी बचाईं।
डॉ. यादव ने कहा कि भारत में शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं, बल्कि मानवता को जागृत करना है। उन्होंने देश के सैनिकों के साहस को नमन करते हुए कहा कि वे अपने प्राणों की आहुति देकर देशवासियों की रक्षा करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है जो अपने दुश्मनों को उनके घर में घुसकर जवाब देने की क्षमता रखते हैं।
