नयी दिल्ली, 13 जुलाई (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय गैर सरकारी संगठन वर्ल्ड इकोनॉमिक फाेरम के ग्लोबल ‘यस/सिटीज’ नेटवर्क का विस्तार दिल्ली तक हो गया है। फोरम का यह एक तेजी से बढ़ता हुआ अभियान है, जो शहरों को उनकी गंभीर शहरी चुनौतियों और विकास संबंधी आकांक्षाओं के लिए बेहतरीन समाधानों की पहचान करने, उन्हें समर्थन देने और बड़े पैमाने पर लागू करने में मदद करता है। डेलॉइट के सहयोग से शुरू हुई वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की ‘यस/सिटीज’ पहल की शुरुआत दिल्ली में एक ‘डिज़ाइन थिंकिंग एंड कोलाबोरेटर इकोसिस्टम वर्कशॉप’ के साथ हुई। यह देश की राजधानी को अधिक टिकाऊ, लचीला और समावेशी बनाने के लिए विभिन्न हितधारकों को एक साथ लाने और व्यावहारिक समाधान तैयार करने के साझा प्रयासों की शुरुआत है।
कार्यशाला के दौरान हुई चर्चाओं में शहर की बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए ‘सहयोगात्मक नवाचार’ के महत्व पर जोर दिया गया। सरकारी संस्थानों, निजी क्षेत्र के दिग्गजों, इनोवेटर्स, सामुदायिक संगठनों और नॉलेज पार्टनर्स के बीच बातचीत को बढ़ावा देकर, इस कार्यक्रम ने ‘यस/दिल्ली’ के सफर को आगे बढ़ाने के लिए सहयोगियों का एक मजबूत आधार तैयार किया है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी, (डेलॉइट साउथ एशिया) रोमल शेट्टी ने कहा, ” सबसे प्रभावी शहरी समाधान तब सामने आते हैं, जब विभिन्न दृष्टिकोण एक साझा उद्देश्य के लिए एक साथ आते हैं। जैसे-जैसे शहरों में आधारभूत सुविधाओं की मांग बढ़ रही है, चुनौतियों को अवसरों में बदलने के लिए स्थिरता और आपसी सहयोग बेहद महत्वपूर्ण होंगे। डब्ल्यूईएफ की ‘यस/सिटीज’ पहल के माध्यम से, दिल्ली के पास एक मजबूत नवाचारी प्रणाली तंत्र बनाने का अवसर है, जो लंबे समय तक प्रभाव डालने वाले समाधानों की पहचान, परीक्षण और उन्हें बड़े पैमाने पर लागू कर सकता है।
हमें इस प्रयास से जुड़ने और शहरी जीवन के भविष्य को आकार देने वाले विचारों का समर्थन करने पर गर्व है। ” इस कार्यशाला से निकलने वाले विचारों और सुझावों का उपयोग आगामी ‘यस/दिल्ली अर्बन इनोवेशन चैलेंज’ की रूपरेखा तैयार करने में किया जाएगा, जिसे अगस्त 2026 में शुरू किया जाना है। यह चैलेंज स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स को दिल्ली के लिए साहसिक, व्यावहारिक और बड़े पैमाने पर लागू होने वाले समाधान विकसित करने के लिए आमंत्रित करेगा।
एक प्रतिस्पर्धी चयन प्रक्रिया के बाद, होनहार इनोवेटर्स के एक ग्रुप को चुना जाएगा, जो देश की राजधानी में अपने समाधानों का पायलट प्रोजेक्ट करेंगे और उन्हें लागू करेंगे। मेंटरशिप, तकनीकी सहायता और इकोसिस्टम कनेक्शन के माध्यम से, यह कार्यक्रम इनोवेटर्स को उनके बेहतरीन विचारों को जमीनी स्तर पर असरदार समाधानों में बदलने में मदद करेगा।संस्था का घोषित मिशन ‘व्यापार, राजनीति, शिक्षाविदों और समाज के अन्य नेताओं को वैश्विक, क्षेत्रीय और उद्योग एजेंडा को आकार देने के लिए शामिल करके विश्व की स्थिति में सुधार करना’ है।

