लखनऊ के सुयश अवस्थी भारतीय जूनियर हैंडबॉल टीम के कप्तान, निहाल सिंह भी टीम में

लखनऊ, 13 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हैंडबॉल खिलाड़ी सुयश अवस्थी को चीन के चुझोउ शहर में 15 से 26 जुलाई तक आयोजित होने वाली 19वीं एशियन पुरुष जूनियर (अंडर-21) हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए चयनित भारतीय पुरुष जूनियर टीम का कप्तान बनाया गया है। लखनऊ के ही निहाल सिंह को भी भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

भारतीय टीम सोमवार देर रात को कोलकाता से चीन के लिए रवाना होगी। सुयश अवस्थी और निहाल सिंह वर्तमान में केडी सिंह बाबू स्टेडियम में राष्ट्रीय हैंडबॉल कोच मोहम्मद तौहीद के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

सुयश अवस्थी पिछले चार वर्षों से केडी सिंह बाबू स्टेडियम में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। वह वर्ष 2024 में जयपुर में आयोजित आईएचएफ यूथ एवं जूनियर पुरुष ट्रॉफी (जोन-2 एशिया चैंपियनशिप) में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय यूथ टीम के सदस्य रहे थे। इसके अलावा वर्ष 2025 में लखनऊ में आयोजित आईएचएफ ट्रॉफी पुरुष यूथ एवं जूनियर हैंडबॉल (कॉन्टिनेंटल फेज-एशिया) में रजत पदक जीतने वाली भारतीय यूथ टीम का भी हिस्सा रहे।

सुयश ने वर्ष 2025 में आयोजित 47वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक हैंडबॉल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की ओर से रजत पदक जीता था। इस प्रतियोगिता में निहाल सिंह भी उत्तर प्रदेश की रजत पदक विजेता टीम के सदस्य रहे थे।

सुयश और निहाल के भारतीय टीम में चयन तथा सुयश को कप्तान बनाए जाने पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन की अध्यक्ष अलका दास, महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय, कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय और कोषाध्यक्ष विनय कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए भारतीय टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।

 

 

Next Post

सचिन तेंदुलकर और जय शाह ने लॉर्ड्स में भारत की ऐतिहासिक जीत को देखा

Mon Jul 13 , 2026
लंदन, 13 जुलाई (वार्ता) लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर एकमात्र टेस्ट मैच भारतीय महिला क्रिकेट टीम की यादगार जीत के साथ खत्म हुआ, जिसे क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी ) के चेयरमैन जय शाह ने देखा। “क्रिकेट के घर” पर उनकी मौजूदगी ने इस मौके […]

You May Like