श्रीगंगानगर, 10 मार्च (वार्ता) राजस्थान में श्रीगंगानगर में मंगलवार को पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी।
पुलिस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ठीक सामने डाकघर के मुख्य कार्यालय के पीछे स्थित पासपोर्ट कार्यालय को पुलिस ने खाली करवा लिया है। मुख्य डाकघर को भी खाली करवा लिया गया। मौके पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं।
पुलिस ने बताया कि श्वान दस्ते सहित अन्य दलों को बुलाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि राज्य में सभी पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जैसलमेर में भी धमकी मिलने के बाद पासपोर्ट कार्यालय के बाहर ताला लगाकर पूरी बिल्डिंग को खाली करवा दिया गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रही हैं।
इसके अलावा बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, सवाईमाधोपुर, अजमेर, कोटा, भीलवाड़ा जिलों में भी ई-मेल के जरिए पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सभी जगहों पर पुलिस सतर्कता बरतते हुए जांच में जुटी हुई है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में डाकघर कार्यालयों में ही पासपोर्ट कार्यालय संचालित किए जा रहे हैं।
