
उज्जैन। दो बच्चों के पिता ने सोमवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों ने उसका शव आम के पेड़ पर लटका देखा। मृतक की पत्नी ने भी डेढ़ माह पहले फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। नरवर थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम करछा के ग्रामीणों ने सूचना देकर बताया कि विजय पिता रामलाल चौहान 35 वर्ष अपने ही खेत में आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लटका हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और विजय चौहान को फंदे से नीचे उतर गया उसकी मौत हो चुकी थी। मामले में मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए चरक अस्पताल लाया गया। परिजनों ने बताया कि विजय दो बच्चों का पिता था और खेती किसानी का काम करता था। डेढ़ माह पहले पत्नी कांताबाई ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। इसके बाद से विजय डिप्रेशन में चल रहा था। सप्ताह भर पहले वह अपने ससुराल बागली गया था। जहां दोनों बच्चों को ससुराल वालों के सुपुर्द कर उनका एडमिशन स्कूल में भी कराया था। 2 दिन पहले ही ससुराल से लौटा था और अकेला रह रहा था। पुलिस के अनुसार संभवत पत्नी वियोग में उसने आत्मघाती कदम उठाया है।
