इंदौर: मंगलवार को भी कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखीं. अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए.जनसुनवाई में आए एक प्रकरण में सुखदेव बलिराम सपकाड़े ने बताया कि उनके पास रहने की कोई व्यवस्था नहीं है तथा पारिवारिक कारणों से वे स्वयं के लिए आश्रय की तलाश में हैं. प्रकरण प्राप्त होते ही कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई.
आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर सुखदेव सपकाड़े की आवासीय व्यवस्था एक आश्रम में सुनिश्चित कराई गई. प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से उन्हें सुरक्षित एवं व्यवस्थित आश्रय उपलब्ध हो सका. उनके चेहरे पर एक राहत भरी मुस्कान दिखाई दी. इसकी प्रकार एक ओर प्रकरण में श्रीमती गायत्री साहू अपनी प्री-टर्म (समय से पूर्व जन्मी) शिशु के साथ पहुंचीं. उन्होंने बताया कि जन्म से ही बच्ची का स्वास्थ्य कमजोर है.
उपचार कराने में कठिनाई आ रही है. अपर कलेक्टर रोशन राय ने संबंधित अधिकारियों को बच्ची के निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके तहत शिशु का उपचार एम.टी.एच. अस्पताल में कराया जाएगा, जिससे उसे आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी. कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में अधिकारियों ने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
