मनरेगा बचाओ संग्राम को मिल रहा है व्यापक समर्थन : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 13 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि सरकार के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की महत्वपूर्ण योजना ‘मनरेगा’ को खत्म करने के खिलाफ पार्टी के दस जनवरी से शुरु हुए ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ को पूरे देश में व्यापक समर्थन मिल रहा है और कर्नाटक, केरल सहित कई राज्यों में इस अभियान को गति देने के लिए आज कार्यक्रम आयोजित किए गये। कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा “ऐतिहासिक मनरेगा के स्थान पर ‘वीबी-जी राम जी’ कानून लाने के केंद्र के विनाशकारी फैसले के खिलाफ राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाओ संग्राम के हिस्से के रूप में केरल कांग्रेस के दिन-रात के धरने की शुरुआत की। देश के हर हिस्से की तरह केरल में भी केंद्र के इस कदम को व्यापक रूप से खारिज किया गया है और लोग तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक सरकार मनरेगा कानून को वापस नहीं लेती है।

कर्नाटक कांग्रेस ने भी ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत प्रदर्शन किया और सोशल मीडिया एक्स पर बताया “आज कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के नेतृत्व में और उपमुख्यमंत्री तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने ग्रामीण श्रमिकों की जीवन रेखा-मनरेगा पर मोदी सरकार के हमले के खिलाफ देशव्यापी मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत एक मजबूत विरोध प्रदर्शन किया। हम काम के अधिकार और प्रत्येक श्रमिक के सम्मान की रक्षा के लिए लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।”

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने मनरेगा बचाओ संग्राम को देशव्यापी अभियान बताते हुए सबसे इसमें शामिल होने का आग्रह करते हुए लिखा “मनरेगा बचाओ संग्राम’ देश के 2.5 लाख ग्राम पंचायतों और करोड़ों लोगों तक पहुँच रहा है। भारत के करोड़ों लोगों की जीवनरेखा बन चुकी मनरेगा योजना पर सरकार ने बुलडोज़र चला दिया है। इसी के खिलाफ यह देशव्यापी संघर्ष काम के अधिकार, मज़दूरी के अधिकार और जवाबदेही के संवैधानिक अधिकार की बहाली के लिए है। आप भी इस आंदोलन से जुड़िए।” इसके साथ ही उन्होंने एक्स पर मनरेगा से जुड़ने का आग्रह करते हुए एक बैनर भी पोस्ट किया जिसमें लिखा है “ग्रामीण भारत में लाखों भारतीयों के ‘संवैधानिक काम के अधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष। मनरेगा की मूल भावना और दृष्टि को बचाने के इस आंदोलन में हमारे साथ जुड़िए। इस मुहिम से जुड़ें और 987301060 पर मिस्ड कॉल करें।”

Next Post

भारत ने संभाली ब्रिक्स 2026 की कमान, विदेश मंत्री ने लॉन्च किये आधिकारिक लोगो, वेबसाइट

Tue Jan 13 , 2026
नयी दिल्ली, 13 जनवरी (वार्ता) भारत ने मंगलवार को 10 देशों के समूह ‘ब्रिक्स’ की अध्यक्षता औपचारिक रूप से संभालते हुए वर्ष 2026 के लिए आधिकारिक लोगो और वेबसाइट लॉन्च की। इस वर्ष के अंत में भारत 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने […]

You May Like

मनोरंजन