मकाऊ, 02 अगस्त (वार्ता) भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन और थारुन मन्नेपल्ली की शनिवार को मकाऊ ओपन 2025 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में हार के साथ बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत का अभियान समाप्त हो गया।
मकाऊ ईस्ट एशियन गेम्स डोम में 39 मिनट तक चले मुकाबले में पेरिस 2024 सेमीफाइनलिस्ट लक्ष्य सेन को पूर्व जूनियर विश्व चैंपियन इंडोनेशिया के विश्व नंबर 25 अल्वी फरहान से 16-21, 9-21 के स्कोर से हार का सामना करना पड़ा।
बैडमिंटन रैंकिंग में 17वें और टूर्नामेंट में दूसरी वरीयता प्राप्त पेरिस भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने मैच की शुरुआत शानदार अंदाज में की और लगातार तीन अंक हासिल किए, लेकिन टूर्नामेंट में पांचवीं वरीयता प्राप्त फरहान ने चार अंक हासिल कर लिए।
इसके बाद, लक्ष्य ने इंडोनेशियाई खिलाड़ी से बढ़त हासिल करने की लगातार प्रयास किया लेकिन आखिर में पहला गेम अल्वी ने जीत लिया। दूसरे गेम में भी अल्वी ने अपनी लय बरकरार रखी और आक्रामक प्रदर्शन के साथ दूसरा गेम भी आसानी से अपने नाम कर लिया। फरहान अब लक्ष्य से 1-0 से आगे हैं।
इस बीच, अन्य मुकाबले में थारुन मन्नेपल्ली को मलेशिया के जस्टिन होह से हार का सामना करना पड़ा। 23 वर्षीय भारतीय शटलर ने राउंड ऑफ 16 में शीर्ष वरीयता प्राप्त हांगकांग चीन के ली चेउक यियू को हराया था। इसके बाद थारुन ने क्वार्टर फाइनल में मौजूदा जूनियर विश्व चैंपियन पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के हू झेआन को मात दी थी। लेकिन उन्हें सेमीफाइनल में जस्टिन से 21-19, 16-21, 16-21 से हार मिली।
अपनी दो बड़ी जीत के बाद, मन्नेपल्ली ने शुरुआती मुकाबलों में होह पर दबदबा कायम किया और पहले गेम में 17-12 से बढ़त हासिल की। मलेशियाई खिलाड़ी ने शुरुआत में भारतीय खिलाड़ी को चुनौती पेश की, लेकिन अपनी बढ़त बनाए रखने में सफल रहे।
दुनिया के 45वें नंबर के खिलाड़ी होह ने अगले दो गेम में वापसी की और एक घंटे 21 मिनट में मैच जीत लिया।
