मुंबई 22 जनवरी (वार्ता) हरित ऊर्जा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी एस्सार रिन्यूएबल्स लिमिटेड (ईआरएल) ने महाराष्ट्र सरकार के साथ दो गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता विकसित करने के लिए करार किया है।
कंपनी ने बुधवार को बयान जारी कर बताया कि ईआरएल) ने महाराष्ट्र सरकार के साथ दावोस में वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) के दौरान एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता राज्य में एस्सार रिन्यूएबल्स की दो गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता विकसित करने और ग्रीन मोबिलिटी को सशक्त बनाने की योजना को आगे बढ़ाता है।
कंपनी ने बताया कि इस परियोजना के तहत 8,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।चौबीसों घंटे चलने वाली अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं का निर्माण, जो इलेक्ट्रिक वाहन ट्रकों के चार्जिंग इकोसिस्टम (ब्लू एनर्जी मोटर्स और ग्रीनलाइन) का समर्थन करेगी। इससे 2000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार का सृजन होगा। परियोजनाएं वित्तीय वर्ष 2026-27 में शुरू होंगी।
एस्सार रिन्यूएबल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकुर कुमार ने कहा, “हम महाराष्ट्र सरकार के साथ इस महत्वपूर्ण साझेदारी को लेकर उत्साहित हैं। यह कदम हमारी अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं को नया आयाम देगा और हमें इस क्षेत्र में अग्रणी बनाएगा।”
एस्सार के निदेशक प्रशांत रुइया ने कहा, “यह सहयोग न केवल हरित ऊर्जा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है बल्कि भारत को ग्रीन इकॉनमी में वैश्विक लीडर बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।”
