दुबई 06 फरवरी (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को टी-20 विश्वकप 2026 को जीवंत बनाने को लेकर तीक्ष्ण विश्लेषण, खिलाड़ियों के बेजोड़ अंदाज की कहानी को अपनी जानदार आवाज से श्रोताओं तक पहुंचाने वाले दुनिया के दिग्गज कमेंटेटरों के नामों की घोषणा की है।
आईसीसी की ओर से जारी की गई कमेंटेरों की सूची में जाने-माने ब्रॉडकास्टर रवि शास्त्री, नासिर हुसैन, इयान स्मिथ और इयान बिशप इस साल के टूर्नामेंट के लिए डायनामिक कमेंट्री टीम की अगुवाई करेंगे। उनके साथ आरोन फिंच भी होंगे। इसमें आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप के अन्य पूर्व विजेता भी शामिल होंगे, जिनमें दिनेश कार्तिक, कुमार संगकारा, सैमुअल बद्री, रॉबिन उथप्पा और कार्लोस ब्रैथवेट शामिल हैं।
इस सूची में अन्य दिग्गज नामों में इयोन मॉर्गन, वसीम अकरम, सुनील गावस्कर, मैथ्यू हेडन और रमीज राजा शामिल हैं। इस पैनल में खेल की अन्य जानी-मानी आवाज़ें भी शामिल हैं, जिनमें डेल स्टेन, माइकल एथरटन, वकार यूनिस, साइमन डूल, शॉन पोलॉक और केटी मार्टिन शामिल हैं।
भारत और श्रीलंका में कमेंट्री लाइनअप को प्रमुख ग्लोबल ब्रॉडकास्टर हर्षा भोगले, म्पुमेलेलो मबांगवा, नताली जर्मनोस, डैनी मॉरिसन, एलन विल्किंस, इयान वार्ड, मार्क हॉवर्ड, निक नाइट, अथर अली खान, कैस नायडू, बाजिद खान, रौनक कपूर और नियाल ओ’ब्रायन ने और मजबूत किया है। प्रेस्टन मॉमसेन और एंड्रयू लियोनार्ड एसोसिएट सदस्यों से बहुमूल्य अतिरिक्त जानकारी देंगे, जबकि रसेल अर्नोल्ड और रोशन अबेसिंघे कवरेज में श्रीलंका में होने वाले मैचों को अनोखे अंदाज में पेश करेंगे।
इस बार 2014 आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप विजेता एंजेलो मैथ्यूज और 2025 आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप जीतने वाले कप्तान टेम्बा बावुमा आईसीसी टीवी कमेंट्री में शुरुआत करेंगे।
