इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र के कुम्हारखाड़ी में मंगलवार रात दशहरा उत्सव के दौरान फॉगिंग मशीन लगाने और रास्ते से निकलने की बात पर दो पक्षों में विवाद हो गया. दुर्गा माता मंदिर के पास रावण दहन कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया. आरोप है कि भाजपा नेता और उनके समर्थकों पर लाठी-डंडों से हमला किया. घटना में दोनों पक्षों के करीब पांच लोग घायल हुए हैं. मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कुम्हारखाड़ी में रहने वाले मनोज वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है कि मंगलवार रात दुर्गा माता मंदिर के पास दशहरा उत्सव चल रहा था. इसी दौरान खासगी का बगीचा, वृंदावन कॉलोनी निवासी अरविंद उर्फ भैया अपनी दुकान के ऊपर फॉगिंग मशीन लगा रहा था. मशीन लगाने और रास्ते से आवाजाही को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों के साथ लात-घूंसों से हमला किया. मनोज वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने अरविंद उर्फ भैया, दिलीप, पार्वती और विशाल कश्यप के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है.
मारपीट का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने तेज की जांच
घटना के दौरान दोनों पक्षों के करीब पांच लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा. मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने घटना की जांच तेज कर दी है. पुलिस वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है. मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि घटना में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस शिकायत दर्ज की गई है. घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा है. वायरल वीडियो और चश्मदीदों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.
