ससुर-दामाद मिलकर कर रहे थे एमडी ड्रग्स की तस्करी

इंदौर: पिता की बाईपास सर्जरी पर हुए खर्च के कारण कर्ज में डूबे दामाद ने इससे उबरने के लिए एमडी ड्रग्स की तस्करी का रास्ता चुन लिया. इस काम में उसका ससुर भी साथ देने लगा. क्राइम ब्रांच ने दोनों को सुपर कॉरिडोर पर मेट्रो पिलर नंबर 181 के पास पकड़ा. उनके पास से 254 ग्राम एमडी ड्रग्स और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की पल्सर बाइक मिली है. जब्त ड्रग्स की कीमत 25 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है. दोनों त्योहारों के दौरान शहर में ड्रग्स की खेप खपाने की तैयारी में थे.
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि सुपर कॉरिडोर की सर्विस रोड पर दो लोग एमडी ड्रग्स लेकर आने वाले हैं.

इस पर 20 अक्टूबर को मेट्रो पिलर नंबर 181 के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया. उनकी पहचान मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी में रहने वाले 28 वर्षीय समीर खान और सीतामऊ में रहने वाले उसका ससुर जाकिर हुसैन उम्र 58 साल के रूप में हुई. तलाशी में उनके पास से 254 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली, जिसकी कीमत करीब 25 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है. पुलिस ने ड्रग्स के साथ बिना नंबर की काले रंग की पल्सर बाइक भी जब्त की है. डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश त्रिपाठी ने बताया कि दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. उनसे पूछताछ के आधार पर ड्रग्स सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

पिता के इलाज में हुआ कर्ज चुकाने उतरा तस्करी में
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में समीर ने बताया कि उसके पिता की बाईपास सर्जरी पर काफी पैसा खर्च हुआ था. इसके बाद वह कर्ज में डूब गया और आर्थिक तंगी से जूझने लगा. कर्ज चुकाने के लिए उसने एमडी ड्रग्स की तस्करी शुरू कर दी. उसके ससुर जाकिर हुसैन ने भी इस काम में उसका साथ दिया. दोनों की योजना दशहरा और दिवाली के दौरान शहर में ड्रग्स की खेप खपाने की थी. दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज किया है, उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने के साथ यह पता लगा रही है कि उन्हें ड्रग्स कहां से मिल रही थी और इस कारोबार में उनके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं.

Next Post

लसूड़िया पुलिस ने 11 लाख के 50 से ज्यादा गुम मोबाइल लौटाए

Thu Oct 22 , 2026
इंदौर: लसूड़िया पुलिस ने साइबर सेल की मदद से 50 से ज्यादा गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए हैं. बरामद मोबाइल की कीमत 11 लाख रुपए से अधिक है. मोबाइल तलाशने के लिए पुलिस टीम ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ दूसरे राज्यों में भी प्रयास […]

You May Like