इटारसी। प्राकृतिक खेती, गौ-संवर्धन और किसान हितों को लेकर लंबे समय से सक्रिय होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपति जी द्वारा प्राकृतिक कृषि संवर्धन विधेयक-2025 को लोकसभा में चर्चा हेतु प्रस्तुत करने की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर हृदय से आभार व्यक्त किया। भेंट के दौरान सांसद श्री चौधरी ने प्राकृतिक खेती को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने, गौ-आधारित कृषि व्यवस्था को सशक्त बनाने, किसानों की आय में वृद्धि तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक कृषि केवल खेती की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज, समृद्ध किसान और सुरक्षित भविष्य का आधार है। श्री चौधरी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने प्रदेशभर में प्राकृतिक खेती को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया। इसके अंतर्गत लाखों किलोमीटर की यात्रा कर किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप हजारों किसान इस पद्धति से जुड़े और बड़ी मात्रा में भूमि पर गौ-आधारित प्राकृतिक खेती प्रारंभ हुई। सांसद चौधरी ने कहा कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की किसानों, ग्रामीण विकास और कृषि उन्नयन के प्रति संवेदनशीलता अत्यंत प्रेरणादायी है। उनके द्वारा प्राकृतिक कृषि संवर्धन विधेयक-2025 को सदन में चर्चा हेतु स्वीकृति प्रदान किया जाना देश के किसानों के लिए आशा और विश्वास का संदेश है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संसद में इस विधेयक पर व्यापक चर्चा होने से प्राकृतिक खेती को नई पहचान मिलेगी, गौ-संवर्धन को बल मिलेगा तथा किसानों को उनकी प्राकृतिक उपज का बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में ठोस पहल का मार्ग प्रशस्त होगा। इस अवसर पर सांसद श्री चौधरी ने राष्ट्रपति को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान व्यक्त किया तथा आत्मीय स्नेह, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा के लिए उनका हृदय से आभार माना।
