दमोह: शहर के किल्लाई नाका पर संचालित शासकीय एमजे फूले सांदीपनि विद्यालय दमोह की केमिस्ट्री लैब में शनिवार की सुबह एक 8 फीट लंबा घोड़ा पछाड़ सांप घुस गया.जैसे ही स्कूल प्राचार्य आरपी कुर्मी, पर्यावरण प्रभारी मुकेश विश्वकर्मा, संजय दुबे, प्रशांत जैन ने देखा तो उनके होश उड़ गए. क्योंकि सांप जोर-जोर से फ़ुंसकार रहा था.
तत्काल ही वन रेंजर विक्रम चौधरी को सूचित किया, जहां मौके पर वन परिक्षेत्र अधिकारी के मार्गदर्शन में वनरक्षक भरत परोहा व जीवन शुक्ला ने पहुंचकर सपेरा राजू नाथ और सहयोगी के साथ सांप को पकड़ कर जंगल में छोड़ा गया. जानकारी देते हुए केमिस्ट्री विभाग के प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि लैब में शनिवार की सुबह साफ-सफाई का काम चल रहा था. इसी दौरान एक विशालकाय 8 फीट लंबा सांप उन्हें दिखाई दिया.
तत्काल ही अन्य कर्मचारियों को सूचना दी गई,तो सांप लैब में रखी सामग्री में छुप गया. इसके बाद वन रेंजर को सूचना दी गई. वनकर्मी सर्प विशेषज्ञ के साथ स्कूल पहुंचे और सांप को सुरक्षित तरीके से पड़कर हथनी के जंगलों में छोड़ा गया.लैब प्रभारी के बताए अनुसार यह घोड़ा पछाड़ सांप था जो काफी लंबा था और यह विषैला भी होता है. समय पर उन्होंने सांप को देख लिया जिससे किसी प्रकार की कोई बड़ी घटना नहीं हो पाई.उन्होंने बताया पीछे खाली जगह है जिससे पहले भी यहां कई बार सांप आ चुके हैं.
