नोकिया ने रेलटेल के नेटवर्क को अपग्रेड करने का काम किया पूरा

नयी दिल्ली, 25 नवंबर (वार्ता) दूरसंचार अवसंरचना क्षेत्र की कंपनी नोकिया ने रेलटेल के नेटवर्क को अपग्रेड करने का काम सफलतापूर्वक पूर्ण करने की मंगलवार को घोषणा की।

रेलवे के नेटवर्क के लिए संचार सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित रेलटेल कॉर्पोरेशन अब रिटेल उपभोक्ताओं को भी ब्रॉडबैंड सेवा प्रदान करती है। यह भारतीय रेल के अधीन है।

नोकिया ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उसने अपने अधिकृत साझेदारों के साथ मिलकर रेलटेल के डेंस वेबलेंथ-डिवीजन मल्टिप्लेक्सिंग (डीडब्ल्यूडीएम) प्रौद्योगिकी पर आधारित लंबी दूरी के राष्ट्रीय नेटवर्क को अपग्रेड करने का काम पूरा कर लिया है। नोकिया ने पूरे देश में रेलटेल के कैरियर-ग्रेड एनएटी और मेट्रो ऑप्टिकल ट्रांसपोर्ट नेटवर्क की तैनाती की है। ये उच्च गति और बेहतर कनेक्टिविटी की बढ़ती मांग को पूरा करती हैं, जिससे परिचालन दक्षता बढ़ेगी और लागत कम होती है।

अपग्रेड का काम रेलटेल के मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर और पहले से अप्रयुक्त चैनल स्पेक्ट्रम का पुन: उपयोग करके किया गया है। शहरों के बीच उच्च क्षमता वाली लैम्ब्डा ट्रांसमिशन और एक्सप्रेस ट्रैफ़िक लेन भी शुरू की गयी है, जिससे संपूर्ण नेटवर्क प्रदर्शन में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है।

नोकिया का 7750 सर्विस राउटर जो ब्रॉडबैंड नेटवर्क गेटवे और कैरियर-ग्रेड एनएटी की कार्यक्षमता से लैस है, रेलटेल के नेटवर्क को एंटरप्राइज़-ग्रेड उच्च गति ट्रैफ़िक और आंतरिक आईएसपी सेवाओं का कुशलतापूर्वक समर्थन करने में सक्षम बनाता है। यह एकीकृत नेटवर्क आर्किटेक्चर इंटरसिटी ट्रैफ़िक के लचीलेपन को बढ़ाता है। साथ ही रेलटेल की बढ़ती बैंडविड्थ आवश्यकताओं को भी पूरा करता है।

रेलटेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुमार ने कहा, “ नोकिया की उन्नत तकनीकों को हमारे मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ एकीकृत करने के माध्यम से हम असाधारण दक्षता हासिल करने की स्थिति में हैं। ये सुधार हमें देश भर में अपने एंटरप्राइज़ और ब्रॉडबैंड ग्राहकों को बेहतर, तेज और अधिक विश्वसनीय सेवाएं प्रदान करने में सक्षम बनाएंगे।”

भारत में नोकिया के नेटवर्क इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए बिक्री प्रमुख प्रशांत मल्कानी ने कहा, “एक ऐसे समय में जब उच्च गति और लचीली नेटवर्क सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है, रेलटेल ने अपने महत्वपूर्ण नेटवर्क आधुनिकीकरण परियोजना की सफलता सुनिश्चित करने के लिए नोकिया पर भरोसा किया है। ओपन नेटवर्क आर्किटेक्चर का समर्थन करने में हमारे पास बेजोड़ अनुभव है, जो किसी भी ग्राहक इकोसिस्टम में एकीकृत हो सकता है। हमारे नवीनतम आईपी राउटर्स और ऑप्टिकल ट्रांसपोंडर का उपयोग रेलटेल को लागत कम करने और परिचालन दक्षता बढ़ाने में मदद करेगा।”

 

 

Next Post

व्यापार बोर्ड की बैठक में निर्यात संवर्धन के लिए केंद-राज्य सहयोग पर बल दिया गोयल ने

Tue Nov 25 , 2025
नयी दिल्ली, 25 नवंबर (वार्ता) आर्थिक वृद्धि और रोजगार संवर्धन में निर्यात क्षेत्र के विस्तार और विविधीकरण के महत्व को रेखांकित करते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने निर्यात को बढावा देने में केंद्र तथा राज्य सरकारों के बीच निकट सहयोग का आह्वान किया है। श्री गोयल […]

You May Like